
#मध्यप्रदेश के शहडोल में छात्रावास की अव्यवस्थाओं से परेशान आदिवासी छात्राओं ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। कंचनपुर स्थित आदिवासी कन्या #छात्रावास धुरवार की छात्राएं बुधवार (19 अगस्त) को करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं का कहना था कि वे अपनी समस्याएं किसी और के जरिए नहीं, बल्कि सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहती हैं। रास्ते में अधिकारियों ने उन्हें रोककर वाहन से कलेक्ट्रेट ले जाने की पेशकश भी की, लेकिन छात्राएं नहीं मानीं और पैदल ही आगे बढ़ती रहीं।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने छात्राओं को अपने कक्ष में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्राओं ने भोजन और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें कीं। कलेक्टर ने तत्काल जांच के निर्देश देते हुए तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को छात्रावासों में मिलने वाली सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
बताया जा रहा है कि छात्राएं इससे पहले भी अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिल चुकी हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी वजह से इस बार छात्राओं ने खुद मोर्चा संभाला और करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाई। छात्राओं का यह बेबाक और सीधे संवाद वाला विरोध अब नई पीढ़ी के बदलते आंदोलन के अंदाज के तौर पर भी चर्चा में है।
#breakingnewswala #MPNews #BNWTV