
चलती 108 एंबुलेंस बनी प्रसूति कक्ष, फार्मासिस्ट दिनेश की सूझबूझ से सुरक्षित जन्मी बच्ची
देहरा, 3 जुलाई Ashish Sharma
।। 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से शुक्रवार को एक गर्भवती महिला का चलती एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया गया। मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय गीता, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश), जो देहरा विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं, को शुक्रवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सुबह करीब 7 बजे परिजन उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा लेकर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए सुबह करीब 8:30 बजे 108 एंबुलेंस के माध्यम से डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।
रास्ते में रानीताल के समीप गीता की प्रसव पीड़ा तेजी से बढ़ गई। अस्पताल पहुंचने का इंतजार करना संभव नहीं था। ऐसे में 108 एंबुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट दिनेश ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। गीता ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
प्रसव के तुरंत बाद जच्चा और नवजात को आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा दी गई तथा सुरक्षित टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार मां और बच्ची दोनों की हालत पूरी तरह सामान्य है।
इस सफल प्रसव के बाद प्रसूता के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा की टीम, विशेष रूप से फार्मासिस्ट दिनेश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समय पर की गई कार्रवाई और सेवा भावना के कारण मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।