खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
जम्मू। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र श्री अमरनाथ यात्रा को 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों पर लागू रहेगा।
कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई से बालटाल तथा नुनवान/चंदनवाड़ी आधार शिविर से किसी भी श्रद्धालु को आगे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा फिर कब शुरू होगी, इसकी जानकारी मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम की स्थिति का व्यापक आकलन करने के बाद जारी की जाएगी।गौरतलब है कि अब तक जारी श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान 3.7 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।