
बेसिक पी.जी. कॉलेज में सजा रोजगार का महामंच, करियर कनेक्ट-2026 में उमड़ा प्रतिभागियों का उत्साह
प्रतिष्ठित कंपनियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को परखा, रोजगार एवं करियर के अवसरों से जुड़े युवा
बेसिक पी.जी. कॉलेज, बीकानेर में सोमवार को विद्यार्थियों के करियर निर्माण एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "Career Connect-2026: Employability & Career Oriented Campus Placement" का आयोजन किया गया। रोजगार एवं करियर उन्मुख इस विशेष आयोजन में विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा रोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में माननीय श्री जेठानन्दजी व्यास, विधायक, बीकानेर पश्चिम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री यशपाल आहुजा, रजिस्ट्रार, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर, श्री सुरेन्द्र सिंह शेखावत, भाजपा नेता, श्री हरगोविन्द मित्तल, डिप्टी डायरेक्टर, रोजगार कार्यालय, बीकानेर, श्री प्रकाश व्यास, पार्षद वार्ड नं. 43, बीकानेर नगर निगम, श्री दीपक व्यास, पार्षद वार्ड नं. 02, बीकानेर नगर निगम तथा सुश्री अपर्णा आचार्य, पार्षद वार्ड नं. 59, बीकानेर नगर निगम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामजी व्यास एवं प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल, उद्योग जगत की आवश्यकताओं, कार्यक्षेत्र की अपेक्षाओं एवं बदलते रोजगार बाजार से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करने तथा चयन प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेने का अवसर मिला। आयोजन के दौरान कौशल परीक्षण, करियर काउंसलिंग, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार, रेज्यूमे संबंधी मार्गदर्शन तथा विभिन्न रोजगार अवसरों से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ विभिन्न चयन प्रक्रियाओं में भाग लिया।
मुख्य अतिथि श्री जेठानन्दजी व्यास ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक कौशल एवं व्यावहारिक दक्षताओं से भी संपन्न होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेसिक पी.जी. कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों को सीधे रोजगार एवं उद्योग जगत से जोड़ने की यह पहल सराहनीय है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और उसे सही दिशा में उपयोग करने का अवसर प्रदान करते हैं।
श्री यशपाल आहुजा, रजिस्ट्रार, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय ने कहा कि उच्च शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, अपने कौशल को विकसित करने और उपलब्ध अवसरों का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया।
श्री हरगोविन्द मित्तल, डिप्टी डायरेक्टर, रोजगार कार्यालय, बीकानेर ने विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती आवश्यकताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि रोजगार प्राप्त करने के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ संचार कौशल, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दृष्टिकोण भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित श्री सुरेन्द्र सिंह शेखावत, पार्षदगण श्री प्रकाश व्यास, श्री दीपक व्यास एवं सुश्री अपर्णा आचार्य ने भी महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे रोजगारपरक प्रयासों की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामजी व्यास ने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि Career Connect-2026 इसी सोच का परिणाम है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। श्री व्यास ने कहा कि आज के आयोजन ने विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर निकलकर वास्तविक रोजगार जगत को समझने का महत्वपूर्ण अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रियाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विशेषज्ञों से करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 25 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 250 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 400 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 90 अभ्यर्थियों का विभिन्न चरणों में चयन हुआ तथा अभ्यर्थियों को रोजगार प्रस्ताव/ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 160 अभ्यर्थियों को अगले चरण की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
Career Connect-2026 को लेकर महाविद्यालय के विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया और अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप करियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उन्हें रोजगार की वास्तविक प्रक्रिया को समझने तथा आत्मविश्वास के साथ चयन प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय ने शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया। आयोजन का समापन विद्यार्थियों को निरंतर कौशल विकास, सकारात्मक सोच और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के संदेश के साथ हुआ।