
*फोन पर बैंक अधिकारी बनकर मांग रहे OTP-CVV, एक गलती पड़ सकती है भारी: एसपी निकिता खट्टर*
*– ATM कार्ड ब्लॉक होने या KYC अपडेट के नाम पर आने वाली कॉल से रहें सावधान, बैंकिंग जानकारी किसी से न करें साझा*
फतेहाबाद, 4 अक्टूबर। साइबर अपराधी लोगों की बैंकिंग जानकारी हासिल करने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसी के मद्देनजर *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने आमजन को फर्जी बैंक कॉल से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फोन पर खुद को बैंक अधिकारी या कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर ATM कार्ड ब्लॉक होने, KYC अपडेट न होने अथवा बैंक खाता बंद होने का डर दिखाने वाले व्यक्ति पर भरोसा न करें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर ठग पहले व्यक्ति को डराकर जल्दबाजी में निर्णय लेने के लिए मजबूर करते हैं। इसके बाद ATM कार्ड चालू रखने या KYC अपडेट करने के बहाने कार्ड नंबर, CVV, OTP अथवा PIN जैसी गोपनीय बैंकिंग जानकारी मांगते हैं। कई बार मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर उस पर क्लिक करने या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है। ऐसी जानकारी साझा करने से बैंक खाते से अनधिकृत लेन-देन हो सकता है।
*फतेहाबाद पुलिस की अपील—*
▪️ OTP, ATM PIN, CVV और कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
▪️ ATM कार्ड ब्लॉक होने या KYC अपडेट संबंधी कॉल की पुष्टि सीधे बैंक की आधिकारिक शाखा अथवा अधिकृत माध्यम से करें।
▪️ अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें।
▪️ कॉल करने वाले के दबाव में आकर जल्दबाजी में कोई बैंकिंग प्रक्रिया पूरी न करें।
▪️ बैंक के नाम से आए संदिग्ध मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बजाय बैंक के आधिकारिक माध्यम का ही प्रयोग करें।
*साइबर ठगी होने पर समय न गंवाएं*
एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित बैंक को तुरंत सूचित कर खाते एवं संदिग्ध लेन-देन को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करवाएं।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा, “बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी आपकी आर्थिक सुरक्षा की चाबी है। फोन करने वाला चाहे खुद को बैंक अधिकारी ही क्यों न बताए, OTP, PIN और CVV किसी भी स्थिति में साझा न करें। सतर्क रहें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत करें।”
Uklana, Hissar | Oct 4, 2026