
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने भावलखेड़ा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरतारा में संचालित मेले का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सकीय सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, एचपीवी टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान फार्मासिस्ट, एलटी अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं राहुल कुमार उपस्थित मिले, जबकि स्टाफ नर्स पुष्पा रानी और ममता रानी बिना सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। इस पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए।मेले में ओपीडी में 45 तथा आयुर्वेद ओपीडी में 28 मरीजों का उपचार किया गया। खांसी, बुखार और त्वचा रोगों से संबंधित मरीजों की जांच की गई। एलटी द्वारा 12 मरीजों की विभिन्न जांचें की गईं, जिनमें कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।