
अवर निबंधन कार्यालय अग्निकांड की होगी उच्चस्तरीय जांच, डीएम ने जारी किया आदेश
त्रिस्तरीय जांच टीम के आने तक घटनास्थल रहेगा सुरक्षित, वीडियो-फोटोग्राफी के साथ साक्ष्य संरक्षित रखने के निर्देश
लखीसराय। लखीसराय जिला अवर निबंधक कार्यालय परिसर में 23 जुलाई 2026 को हुई आगजनी की घटना की उच्चस्तरीय जांच होगी। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि घटना की वास्तविक स्थिति और आग लगने के कारणों की सम्यक जांच कराई जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार, इससे पहले 11 जुलाई 2026 को जिला गोपनीय शाखा द्वारा जिला अवर निबंधक के प्रभार हस्तांतरण में विलंब के कारण सचिव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग (निबंधन), बिहार, पटना से उच्चस्तरीय विभागीय एवं तकनीकी जांच दल गठित करने का अनुरोध किया गया था। इसके आलोक में विभाग द्वारा 25 जुलाई 2026 को त्रिस्तरीय जांच दल का गठन कर दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने कहा है कि जांच टीम के लखीसराय पहुंचने तक आगजनी से प्रभावित परिसर की यथास्थिति बनाए रखना आवश्यक है, ताकि जांच निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक ढंग से संपन्न हो सके।
आदेश में अंचल अधिकारी, लखीसराय एवं थाना अध्यक्ष, लखीसराय को निर्देश दिया गया है कि अवर निबंधन कार्यालय के आग से प्रभावित परिसर, अभिलेखों एवं अन्य सामग्रियों की तत्काल विस्तृत वीडियो एवं फोटोग्राफी कराई जाए। साथ ही आग से प्रभावित स्थल को किसी भी प्रकार के प्रभाव या छेड़छाड़ से सुरक्षित रखा जाए।
इसके अलावा, जांच टीम के आगमन के समय अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष को मौके पर उपस्थित रहकर जांच में पूर्ण सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं अग्निशमन पदाधिकारी, लखीसराय तथा विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, लखीसराय को भी आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगजनी की वास्तविक वजह सामने आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।