राजस्थान में बढ़ी गर्मी की छुट्टियां, अब 28 जून तक बंद रहेंगे स्कूल।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
जयपुर। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शिविरा पंचांग में संशोधन करते हुए ग्रीष्मावकाश की अवधि बढ़ा दी है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में अब ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई 2026 से 28 जून 2026 तक रहेगा। पहले यह अवकाश 20 जून 2026 तक निर्धारित था।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि भीषण गर्मी और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अवकाश अवधि को 35 दिनों से बढ़ाकर 43 दिन कर दिया गया है। इसके साथ ही संस्था प्रधान के अधिकार से मिलने वाले अवकाश की संख्या भी 1 से बढ़ाकर 2 कर दी गई है।
यह संशोधन शिविरा पंचांग वर्ष 2026-27 (1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027) में किया गया है तथा सक्षम स्तर से इसकी स्वीकृति प्रदान की गई है। आदेश शासन उप सचिव आलोक जैन द्वारा जारी किया गया है।
इस निर्णय से प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को राहत मिलेगी। अब विद्यालय 29 जून 2026 से पुनः संचालित होने की संभावना है।