
रतनगढ़। सेठ सूरजमल जालान राजकीय जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को अत्याधुनिक तकनीक से डिजिटल एक्स-रे की सुविधा सरकारी अस्पताल में ही मिल सकेगी। नागपुर के भामाशाह अनोज अजीतसरिया ने अपने पूर्वज जगदीश प्रसाद एवं रतनलाल अजीतसरिया की स्मृति में एक्स-रे विभाग के नवीनीकरण के लिए 15 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है।
क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी चम्पालाल उपाध्याय द्वारा जीवन पर्यंत किए गए सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में श्री गांधी बाल निकेतन के सचिव राजीव उपाध्याय द्वारा सरकारी चिकित्सालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना संचालित की जा रही है। इसी परियोजना के तहत मिली राशि से रतनगढ़ के जालान चिकित्सालय के एक्स-रे विभाग में अत्याधुनिक डीआर (Digital Radiography) मशीन स्थापित की गई है। इसका उद्घाटन शनिवार, 12 सितंबर को होगा। इसके बाद मरीजों को अस्पताल में ही डीआर सेटअप से डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मिलने लगेगी।
हर माह करीब 3000 एक्स-रे
प्रोजेक्ट फाउंडर राजीव उपाध्याय ने बताया कि अस्पताल में पहले से लगी एक्स-रे मशीन के साथ उपयोग होने वाला सीआर सेटअप काफी पुराना और खराब हो चुका था। इसके कारण हर महीने होने वाले करीब 3000 एक्स-रे के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़ता था। इससे मरीजों को आर्थिक खर्च के साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ रही थी।
चिकित्सालय प्रशासन के अनुरोध पर भामाशाह अनोज अजीतसरिया के सहयोग से अब डीआर सेटअप स्थापित किया गया है। इससे प्रतिमाह हजारों मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है और एक्स-रे की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक होगी।
65 लाख से अधिक के अन्य कार्य प्रस्तावित
उपाध्याय ने बताया कि आने वाले कुछ महीनों में 65 लाख रुपये से अधिक की राशि से ऑपरेशन थिएटर सेपरेशन और ब्लड बैंक के नवीनीकरण का कार्य भी करवाया जाएगा। इसके लिए भामाशाहों से विचार-विमर्श जारी है।
उल्लेखनीय है कि मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत अजीतसरिया परिवार द्वारा पिछले महीने 80 लाख रुपये की जनरल सर्जरी की अत्याधुनिक मशीनरी तथा वर्ष 2024 में 30 लाख रुपये की ऑर्थोपेडिक मशीनरी भी उपलब्ध करवाई गई थी। इस प्रकार रतनगढ़ के सरकारी अस्पताल में परियोजना के तहत अब तक करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत के चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जा चुके हैं।
#tharkiawaazajay #Ratangarh #facilities #hospitality #donations
Churu, Churu | Sep 10, 2026