
औरंगाबाद में स्कूल से लौट रही शिक्षिका की NH 139 पर सड़क हादसे में मौत, शिक्षा जगत में शोक।
औरंगाबाद (ओबरा) | 24 NEWS LIVE
औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के एनएच 139 खरांटी पुल पर शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षिका की जान चली गई।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय संध्या यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी सुबेदार यादव की पुत्री थीं। वर्तमान में वह बारुण प्रखंड के मध्य विद्यालय, भुआपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं और ओबरा में ओमप्रकाश प्रसाद के मकान में किराए पर रहकर ड्यूटी कर रही थीं।
बताया जाता है कि शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह वह स्कूल में बच्चों को पढ़ाकर अपनी स्कूटी से ओबरा लौट रही थीं। इसी दौरान खरांटी पुल पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. शशिकांत कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
26 वर्षीय अविवाहित शिक्षिका की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं बारुण और ओबरा के शिक्षकों में शोक की लहर है।
#AurangabadNews #Obra #RoadAccident #BiharNews