
मणि खड्ड में डूबने से 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की मौत, ननावां क्षेत्र में पसरा मातम
घुमारवीं: उपमंडल घुमारवीं की ननावां पंचायत के सकरोहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की मणि खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह, निवासी गांव जबल्याणा, डाकघर ननावां के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार अरमान सिंह शनिवार सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह विद्यालय नहीं पहुंचा। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पता चला कि वह सकरोहा क्षेत्र में बहने वाली मणि खड्ड में अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह खड्ड के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ग्रामीणों ने खड्ड के विभिन्न हिस्सों में उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए खोज अभियान के दौरान ग्रामीणों की मदद से अरमान का शव खड्ड से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र के लोगों ने भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सूचना मिलने पर पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच, घटनास्थल के निरीक्षण तथा गवाहों के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया छात्र की मौत खड्ड में नहाने के दौरान डूबने से हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें नदी-नालों व खड्डों के आसपास जाने से रोकें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
यूनिक टुडे न्यूज़
#Ghumarwin #Bilaspur #ManiKhadd #ArmanSingh #HimachalNews #AccidentNews #UTHimachal #घुमारवीं #बिलासपुर #मणि_खड्ड #अरमान_सिंह #दुर्घटना #हिमाचल_समाचार #यूनिक_टुडे_न्यूज़ #नेट_चैट #UTHimachal #UniqueTodayNews