
यूपी के मुजफ्फरनगर में फुलत गांव के मदरसा दारुल उलूम रहिमिया से जुड़े कथित धर्मांतरण प्रकरण में शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। मदरसे के संचालक मौलाना हफीजुर्रहमान अंसारी के बेटे जुनैद अंसारी की पूर्व पत्नी नाजिया ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और मदरसे से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए। नाजिया ने दावा किया कि वह स्वयं उन गतिविधियों की प्रत्यक्ष गवाह रही हैं, जिनके माध्यम से कथित तौर पर लोगों का धर्मांतरण कराया जाता था।
गौरतलब है कि मदरसा के संचालक मौलाना हफीजुर्रहमान अंसारी और उनके बेटे जुनैद अंसारी के खिलाफ पहले से ही धर्मांतरण संबंधी शिकायत पर रतनपुरी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
इस बीच, करीब छह माह पहले जुनैद अंसारी से अलग हो चुकी उनकी पत्नी नाजिया अपने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र और मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि मदरसे में आने वाली महिलाओं का यौन शोषण किया जाता था और उन्हें ब्लैकमेल कर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता था।
#muzaffarnagar #ReligiousConversion