
देवघर में पेयजल विक्रेताओं के वाहन जब्त होने से नाराजगी, 25 हजार रुपये के रजिस्ट्रेशन शुल्क में राहत की मांग।
देवघर: –देवघर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल वितरण का कारोबार करने वाले छोटे विक्रेताओं की परेशानी बढ़ गई है। नगर निगम द्वारा वाहनों को जब्त किए जाने के बाद पेयजल विक्रेताओं में नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में पेयजल विक्रेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त महोदय को आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और राहत दिलाने की मांग की है।
आवेदन में विक्रेताओं ने बताया है कि वे देवघर नगर निगम से ट्रेड लाइसेंस प्राप्त कर वैध रूप से पेयजल वितरण का व्यवसाय कर रहे हैं। कुछ माह पूर्व नगर निगम की ओर से इस व्यवसाय के लिए 25 हजार रुपये का निबंधन शुल्क निर्धारित किया गया था। छोटे कारोबारियों ने इस शुल्क को अधिक बताते हुए नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन देकर इसमें संशोधन की मांग की थी। विक्रेताओं के अनुसार, विरोध और अपील के बाद इस फैसले को स्थगित कर दिया गया था।
लेकिन 19 नवंबर 2026 को अचानक कई पेयजल विक्रेताओं के वाहनों को जब्त कर लिया गया। विक्रेताओं का कहना है कि उनके पास वैध ट्रेड लाइसेंस होने के बावजूद बिना पूर्व सूचना के वाहनों को जब्त करना उचित नहीं है। उनका यह भी कहना है कि छोटे स्तर पर पेयजल वितरण का कारोबार ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है।
विक्रेताओं ने कहा कि 25 हजार रुपये का निबंधन शुल्क छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक रूप से काफी बोझिल है और वे इतनी बड़ी राशि जमा करने में असमर्थ हैं।
आवेदन के माध्यम से उपायुक्त से मांग की गई है कि जब्त किए गए वाहनों को मुक्त कराया जाए और ट्रेड लाइसेंस के आधार पर पेयजल वितरण का व्यवसाय जारी रखने के लिए उचित रास्ता निकाला जाए। साथ ही 25 हजार रुपये के निबंधन शुल्क पर पुनर्विचार कर छोटे पेयजल विक्रेताओं को राहत दी जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन और नगर निगम इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
इस मौके पर अध्यक्ष कुमार रविकांत राय सचिव सर्वोत्तम बरनवाल कोषाध्यक्ष निशांत कुमार बरनवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।#Deoghar #JharkhandNews #WaterVendors #VehicleSeizure #KhabarDeogharLive