
डिग्गी के किनारे सेल्फी लेते समय हादसा, बेटे को बचाने गई मां की भी डूबने से मौत
बाड़मेर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के बानो की बेरी दूध गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके सात वर्षीय बेटे की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों घर के पास बनी 15 फीट गहरी डिग्गी के किनारे सेल्फी ले रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जीयो देवी (30) पत्नी गोसाईराम अपने बेटे हितेश (7) के साथ तीन दिन पहले पीहर आई थी। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वह बेटे के साथ डिग्गी के पास फोटो खींच रही थी। इसी दौरान बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा। बेटे को बचाने के लिए जीयो देवी ने भी डिग्गी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए।
हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य एक सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे। बड़ी बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची।
डिग्गी में पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी की मदद से डिग्गी की एक दीवार तोड़कर पानी बाहर निकाला गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे मां-बेटे के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने शवों को धोरीमन्ना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।