
गंभीर मरीजों के लिए खुशखबरी, लखीसराय सदर अस्पताल में 4 बेड वाला ICU शुरू
लखीसराय। जिले के सदर अस्पताल में बुधवार को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चार बेड वाले मॉर्डन आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने फीता काटकर आईसीयू का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आईसीयू सेवा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही लखीसराय सदर अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज की आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आईसीयू पूरी तरह आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि आईसीयू की शुरुआत से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना, दरभंगा अथवा निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय बचेगा और इलाज पर होने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को आईसीयू के सुचारु संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि आईसीयू के संचालन के लिए प्रशिक्षित चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों और मॉनिटरिंग सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आईसीयू शुरू होने से सड़क दुर्घटना, हृदय रोग, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर संक्रमण और अन्य जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जिले में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। इससे रेफरल की संख्या में कमी आएगी और मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
एक अच्छा सा थंबनेल तैयार करो