
*नो-पार्किंग में खड़ी कार पर ट्रैफिक पुलिस फतेहाबाद की कार्रवाई, वाहन हटवाकर थाना यातायात ले जाया गया*
– *जीटी रोड पर यातायात में बाधा बन रही कार पर ट्रैफिक पुलिस ने दिखाई सख्ती*
– *आमजन से अपील, निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग दें*
फतेहाबाद, 6 अक्टूबर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस फतेहाबाद द्वारा लगातार निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जीटी रोड फतेहाबाद पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक कार के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति सामने आने पर ट्रैफिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को मौके से हटवाकर थाना यातायात फतेहाबाद ले जाया।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मुख्य सड़कों, बाजारों, चौक-चौराहों तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों में गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से यातायात का प्रवाह बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे अन्य वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा नो-पार्किंग नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। सड़क, मोड़, चौक, मुख्य बाजार अथवा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। जिम्मेदार वाहन चालक बनें, यातायात नियमों का पालन करें और शहर की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें।