
बीएसए ने संविलियन विद्यालय रतनपुर का किया औचक निरीक्षण, बच्चों को खुद पढ़ाया ‘अलंकार’
#देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने गुरुवार को विकासखंड गौरीबाजार के संविलियन विद्यालय रतनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय में 241 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें निरीक्षण के दौरान 187 विद्यार्थी उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक, छह शिक्षक और तीन अनुदेशक सभी अपने-अपने कक्षाओं में शिक्षण कार्य करते पाए गए। समय-सारणी के अनुसार कक्षाएं संचालित हो रही थीं और सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध थीं।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कक्षा आठ के बच्चों को हिंदी में ‘अलंकार’, कक्षा सात के विद्यार्थियों को विज्ञान में अम्ल एवं क्षार तथा कक्षा छह के बच्चों को हिंदी व्याकरण में ‘वाक्यांश के लिए एक शब्द’ पढ़ाया। इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जताया।
विद्यालय में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत टाइल्स, रंगाई-पुताई, बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध मिलीं। स्मार्ट क्लास और स्मार्ट रूम के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षा दी जा रही है। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, किचन शेड, हाथ धोने की व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई भी पाई गई।
बीएसए ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी स्टाफ को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Aug 21, 2026