
प्रवासी मजदूर की बेटी ने पहनी वर्दी का सपना पूरा किया: बेरी की गुड़िया का बीएमपी में चयन, सासाराम में होगी पोस्टिंग
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत बेरी गांव की गुड़िया कुमारी ने संघर्ष और सफलता की नई इबारत लिख दी है। सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद गुड़िया का चयन बिहार पुलिस बीएमपी की महिला बटालियन में हुआ है। रिजल्ट के अनुसार इनकी पोस्टिंग सासाराम, रोहतास में प्रस्तावित है। इस खबर से पूरे बेरी गांव में जश्न का माहौल है।
गुड़िया के पिता संजय सिंह परिवार की जीविका के लिए दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं। मां आशा देवी गृहणी हैं और घर संभालती हैं। गुड़िया चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। पिता के घर से दूर रहने के कारण छोटी उम्र से ही गुड़िया पर घर की जिम्मेदारियां आ गईं। मां का हाथ बंटाते हुए, भाई-बहनों को संभालते हुए गुड़िया ने अपने वर्दी वाले सपने को जिंदा रखा। घर के काम के बाद देर रात तक पढ़ाई करना इनकी दिनचर्या बन गई थी।
गुड़िया की शिक्षा की शुरुआत बेरी कन्या मध्य विद्यालय से हुई। बचपन से ही पढ़ने में तेज गुड़िया ने वर्ष 2022 में बेरी हाई स्कूल से प्रथम श्रेणी में दसवीं की परीक्षा पास की। आगे की पढ़ाई के लिए इन्होंने औरंगाबाद के प्रतिष्ठित सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में दाखिला लिया और वहीं से इंटरमीडिएट पूरा किया। कॉलेज के साथ-साथ इन्होंने घर पर ही स्वाध्याय कर बीएमपी भर्ती की तैयारी की। कोचिंग या बड़े शहर का सहारा नहीं लिया।
गुड़िया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि पिता की मेहनत और मां का संघर्ष देखकर ही उन्हें ताकत मिलती थी। गांव की दूसरी लड़कियों से गुड़िया ने कहा कि हालात कैसे भी हों, पढ़ाई मत छोड़ना। वर्दी का सपना हर बेटी देख सकती है।
इस मौके पर गुड़िया की मां आशा देवी की आंखें खुशी से नम हो गईं। परिजनों एवं ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और गुड़िया को आशीर्वाद देकर खुशी का इजहार किया। गांव के लोगों का कहना है कि गुड़िया की सफलता से बेरी की हर बेटी का हौसला बढ़ा है।गुड़िया के सफलता पर जिला पार्षद विकास कुमार, बेरी पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि सह रालोसपा नेता धर्मेन्द्र मेहता,पंचायत समिति सदस्य अभिनव कुमार ने बधाई दी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
#BiharPolice #BMP #BetiBachaoBetiPadhao #BiharNews #Aurangabad #BeriVillage #Inspiration #SuccessStory #PoliceSelection #ProudMoment