
-#AIIMS बिलासपुर के प्रथम स्नातक बैच को राष्ट्रपति ने प्रदान की उपाधियां, 92 विद्यार्थियों को मिली डिग्रियां..
-#ब्राइट #न्यूज #बिलासपुर
-#भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में संस्थान के पहले स्नातक बैच के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, एम्स बिलासपुर के अध्यक्ष प्रो. नरेंद्र कुमार अरोड़ा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल दलजीत सिंह मौजूद रहे।
-#समारोह में कुल 92 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 43 एमबीबीएस, 26 बीएससी ऑनर्स नर्सिंग, 9 बीएससी एलाइड हेल्थकेयर और 14 एमडी/एमएस विद्यार्थी शामिल रहे। राष्ट्रपति ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक भी प्रदान किए। एमबीबीएस से सागरिका और रक्षित वशिष्ठ, बीएससी एलाइड हेल्थकेयर साइंस से भावना ठकराल, बीएससी ऑनर्स नर्सिंग से भाव्या मल्होत्रा तथा एमडी कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन से प्रतीक गोयल को स्वर्ण पदक मिला।
-#राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रथम स्नातक बैच के विद्यार्थियों, उनके माता-पिता, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दीक्षांत समारोह एम्स बिलासपुर की विकास यात्रा के साथ चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की बढ़ती भूमिका का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
-#राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए स्नातक विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि एम्स बिलासपुर अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को भी बढ़ावा दे रहा है। इससे हिमाचल के साथ पड़ोसी राज्यों और दूरदराज एवं जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है।
-#उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 अक्तूबर 2022 को एम्स बिलासपुर को राष्ट्र को समर्पित किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रथम दीक्षांत समारोह संस्थान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों से पेशेवर जीवन में करुणा, संवेदनशीलता और सेवा भावना को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
-#मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भी विद्यार्थियों और एम्स बिलासपुर को शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रथम बैच के विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में 16 नए एम्स स्थापित किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की प्रतिष्ठा बनाए रखने और उत्कृष्टता एवं सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।