
स्व. प्रभात झा की जन्मभूमि कोरियाही पहुंचे दो मंत्री और विधायक, विचार मंच कार्यालय एवं हवन कुंड का हुआ उद्घाटन
कोरियाही (सीतामढ़ी)। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय प्रभात झा की जन्मभूमि कोरियाही में काली पूजा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता के साथ विधायक प्रो. नागेंद्र राउत भी कोरियाही पहुंचे। तीनों जनप्रतिनिधियों ने प्रभात झा विचार मंच कार्यालय तथा यज्ञशाला (हवन कुंड) का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में प्रफुल्ल झा, प्रदेश सह-संयोजक, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बिहार भाजपा एवं काली पूजा समिति के अध्यक्ष; शैलेश कुमार झा, राज्य परिषद सदस्य, जनता दल यूनाइटेड; कोरियाही पंचायत के मुखिया राजेश पासवान और पूर्व मुखिया प्रदीप झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्वर्गीय प्रभात झा के दोनों सुपुत्र भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय प्रभात झा के भाई प्रफुल्ल झा और पूर्व मुखिया प्रदीप झा ने अपने बड़े भाई को याद किया। उनके विचारों, व्यक्तित्व और गांव से जुड़ाव की चर्चा करते हुए दोनों भावुक नजर आए। उनके संबोधन में बड़े भाई के प्रति सम्मान और उनकी सीख को आगे बढ़ाने का संकल्प दिखाई दिया।
स्वर्गीय प्रभात झा का अपने पैतृक गांव कोरियाही से गहरा लगाव था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, वे अक्सर कहा करते थे— “बेटा, गांव तो गांव है।” गांव के प्रति उनके इस प्रेम को परिवार के लोग आज भी याद करते हैं। उनके विचारों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रभात झा विचार मंच कार्यालय की शुरुआत को एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, काली पूजा को लेकर कोरियाही में मेले की रौनक भी बनी हुई है। पूजा स्थल के आसपास दुकानें सज गई हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल शुरू हो चुकी है। एक ओर मां काली की पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है, तो दूसरी ओर स्वर्गीय प्रभात झा की स्मृतियों और विचारों से जुड़े कार्यक्रम ने आयोजन को एक अलग पहचान दी है।