
रमना के बगौधां में बिना अनुमति चल रही सभा पुलिस ने बंद कराई, गतिविधियों पर उठे सवाल
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा की रिपोर्ट
रमना (गढ़वा) । प्रखंड क्षेत्र के बगौधां गांव में भोला पासवान के घर हर सप्ताह सत्संग के नाम पर आयोजित होने वाली सभा को सोमवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद करा दिया। बताया गया कि कार्यक्रम बिना प्रशासनिक अनुमति के गोपनीय तरीके से आयोजित किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, सभा में स्थानीय लोगों के अलावा दूर-दराज से भी लोग शामिल होते थे। कुछ स्थानीय लोगों ने सभा की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए धर्मांतरण की आशंका जताई है। हालांकि, धर्मांतरण कराए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सभा में बीमारी ठीक होने, चमत्कार, आर्थिक सहायता और अन्य लाभ की बातें बताकर लोगों को प्रभावित किया जाता है। वहीं, सभा से जुड़े लोगों ने धर्मांतरण के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यहां किसी प्रकार का धर्मांतरण नहीं कराया जाता, बल्कि आत्मा-परमात्मा से संबंधित प्रार्थना और दुआ की जाती है।
बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभा को बंद करा दिया। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सभा की गतिविधियों और आयोजन की अनुमति से संबंधित पहलुओं की जांच कराने की मांग की है। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Garhwa, Garhwa | Sep 28, 2026