
तीसरी बार स्टील मंत्री से मिलीं, फिर भी बोकारो की उम्मीदें ‘होल्ड’ पर ! विमान रनवे से दूर, अमृतसर प्रोजेक्ट अधूरा और विस्थापित दर्द में
#Bokaro #BokaroAirport #ShwetaSingh #JharkhandNews #BokaroSteelPlant #SAIL #IndustrialCorridor #BokaroDevelopment #SteelMinistry #JharkhandUpdates
Bokaro: बोकारो एयरपोर्ट से नियमित उड़ान और अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर जैसी बहुप्रतीक्षित योजनाओं को लेकर कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह एक बार फिर दिल्ली पहुंचीं। केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी से मुलाकात कर उन्होंने वही पुराने मुद्दे दोहराए, जिन्हें लेकर वह विधायक बनने के बाद पहले भी कई बार केंद्र के दरवाजे खटखटा चुकी हैं।
##तीसरी बार दिल्ली दौरा, लेकिन सवाल वही पुराना
बोकारो की जनता के बीच अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इन मांगों की मंजिल कब आएगी? विधायक श्वेता सिंह के अनुसार, उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बोकारो एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवा शुरू कराने, अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) परियोजना में तेजी लाने और विस्थापितों के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर तंज भी सुनाई देने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बोकारो एयरपोर्ट का मुद्दा अब "दिल्ली यात्रा और बैठक" में तो लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन जमीन पर विमान उतरने का इंतजार अभी भी जारी है।
##हर मुलाकात में आश्वासन, लेकिन नतीजे का इंतजार
विधायक ने दावा किया कि केंद्रीय इस्पात मंत्री ने उनके अनुरोध पर सेल चेयरमैन के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी कराई और बोकारो से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। लेकिन सवाल यह है कि ऐसी बैठकों और चर्चाओं के बाद धरातल पर बदलाव कब दिखेगा ? बोकारो एयरपोर्ट लंबे समय से जिले के लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास की उम्मीद बना हुआ है। वहीं अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर से रोजगार और निवेश की उम्मीदें भी जुड़ी हैं। मगर वर्षों से चली आ रही इन परियोजनाओं की धीमी रफ्तार जनता की बेचैनी बढ़ा रही है।
##विस्थापितों का मुद्दा भी फिर उठा
मुलाकात में बोकारो स्टील प्लांट से प्रभावित विस्थापित परिवारों के लिए रोजगार, चतुर्थ श्रेणी नियुक्तियों में प्राथमिकता और नियमित अप्रेंटिसशिप व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी गई। विधायक ने बीएसएल विस्तार के बाद होने वाली नियुक्तियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग दोहराई। अबकी बार झारखण्ड के उद्योग मंत्री संजय यादव भी विधायक संग यूनियन स्टील मिनिस्टर एच डी कुमारस्वामी से मुलाकात की।
##बोकारो को अब घोषणा नहीं, कार्रवाई का इंतजार
विधायक ने बीएसएल विस्तार की मंजूरी को बोकारो के औद्योगिक भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। लेकिन स्थानीय लोगों की अपेक्षा अब केवल घोषणाओं और बैठकों तक सीमित नहीं है। बोकारोवासी चाहते हैं कि दिल्ली में उठी आवाज अब जमीन पर भी सुनाई दे। फिलहाल, बोकारो एयरपोर्ट की उड़ान और औद्योगिक कॉरिडोर की रफ्तार दोनों ही सवालों के घेरे में हैं। विधायक की तीसरी दिल्ली यात्रा के बाद उम्मीदें फिर जगी हैं, लेकिन जनता अब आश्वासन नहीं बल्कि परिणाम देखने का इंतजार कर रही है।
Chas, Bokaro | Jul 15, 2026