
खौना पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन, ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं
रिपोर्ट: आकाश कुमार पासवान
खौना (मधुबनी), 02 जून 2026। बिहार सरकार की पहल पर मंगलवार को बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र खौना पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन पंचायत सचिव रमेश कुमार पासवान के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
शिविर में वरीय पदाधिकारी गिरिधारी लाल, बीडीओ अनिल कुमार, सीओ विकास कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार, बीपीआरओ सुरेश यादव, कल्याण पदाधिकारी राजरतन, प्राथमिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनुभूषण यादव सहित बिहार सरकार के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं मुखिया हरिनारायण सहनी भी शिविर में उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, जलापूर्ति तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन सौंपे। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का एक ही स्थान पर निष्पादन सुनिश्चित करना, सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना था।
ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के शिविर से उन्हें अपनी समस्याओं को सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनती है। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
शिविर में विभिन्न विभागों के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।