
आईटीआई उरई में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 977 युवाओं ने लिया हिस्सा, 546 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
16 प्रतिष्ठित कंपनियों ने की भर्ती प्रक्रिया में भागीदारी, जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को कौशल विकास और रोजगार का दिया संदेश
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, जालौन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को नोडल संस्थान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र कुमार ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में आर.पी. निरंजन (विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि), राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष बिपिन शिवहरे उर्फ ध्रुव एवं राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज बुधौलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद आईटीआई उरई के प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
रोजगार मेले में हायर एप्लीकेंस प्रा.लि., मदर्सन प्रा.लि., गेट्स इंडिया प्रा.लि., प्रथम एजूकेशन प्रा.लि., जेबीएम प्रा.लि., टेक्नो इंडस्ट्रीज प्रा.लि., वर्धमान प्रा.लि., एसआरएफ प्रा.लि., पहारपुर कूलिंग टॉवर, लावा इंटरनेशनल लि., कॉल्विन मैनेजमेंट सोल्यूशंस, प्रास इंटरप्राइजेज, अवनिका हेल्थकेयर, एलआईसी उरई, सुजुकी/साटा विकास इंडिया प्रा.लि. एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस सहित 16 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
मेले में लगभग 977 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 546 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन उनकी योग्यता के आधार पर किया गया।
मुख्य अतिथि रविन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कोई भी नौकरी छोटी या बड़ी नहीं होती, बल्कि करियर की शुरुआत करना सबसे महत्वपूर्ण होता है।
आर.पी. निरंजन ने कहा कि आज का दौर विज्ञान और तकनीक का है। केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल (स्किल) भी सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से आईटीआई के माध्यम से तकनीकी दक्षता हासिल कर उज्ज्वल भविष्य बनाने का आह्वान किया तथा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने मुख्य अतिथि रविन्द्र कुमार, आर.पी. निरंजन, बिपिन शिवहरे उर्फ ध्रुव एवं मनोज बुधौलिया को स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, कंपनी प्रतिनिधियों एवं प्रशिक्षार्थियों का आभार व्यक्त किया।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में राधा मोहन सक्सेना (प्रधानाचार्य, माधौगढ़), रमेश कुमार (पूर्व प्रधानाचार्य, कोंच), संजय कुमार शुक्ला, नरेन्द्र सिंह भदौरिया, अजय पाल सिंह, धर्मेन्द्र, ओम नारायण सचान (कार्यदेशक), नीलेश राव (प्लेसमेंट प्रभारी), रणजीत सिंह, नरेन्द्र कुमार, मो. शफीक खान, साविर खान, धर्मेन्द्र सिंह यादव, नरेन्द्र सिंह, कपिल कुमार, कपिल देव वर्मा, राजेन्द्र पाल सिंह, भगवत किशोर वर्मा, राजेश राजपूत, पंकज कुमार नामदेव, नीरज त्रिपाठी, रामबदन पटेल, श्रीमती कीर्तिलता गौर, सत्येन्द्र कुमार सक्सेना, मनोज कुमार वर्मा, हरगोविंद, घनश्याम यादव, भारत शर्मा, तौफीक अहमद सहित आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
#oraijalaun #orai #jalaun #itijalaun #up92
Orai, Jalaun | Jul 15, 2026