
*थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की टीम की बड़ी कार्रवाई, चॉकलेट के कार्टनों में छिपा 507 किलो डोडाचूरा जब्त*
शामगढ़। मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 507 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर तस्करों की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तैर सिंह बघेल तथा एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह सफलता हासिल हुई।
जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर का एक कंटेनर चॉकलेट के कार्टनों के बीच भारी मात्रा में डोडाचूरा छिपाकर दिल्ली-पंजाब की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के निर्देशन में पुलिस टीम ने उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर ढाबला गुर्जर के पास नाकाबंदी कर कंटेनर क्रमांक HR38AB3083 को रोका।
तलाशी के दौरान चॉकलेट के 185 कार्टनों के बीच छिपाए गए 25 काले कट्टों में कुल 507 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कंटेनर चालक हरप्रीत सिंह (42) निवासी श्योपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने डोडाचूरा आगर मालवा निवासी सुजान सिंह सोंधिया उर्फ सुल्तान से लाना स्वीकार किया, जिसे प्रकरण में फरार आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने 10.15 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा, 30 लाख रुपये का कंटेनर, 3.62 लाख रुपये मूल्य के चॉकलेट कार्टन एवं दो मोबाइल फोन सहित कुल 43 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय सहित उपनिरीक्षक ओ.पी. राठौड़ और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।