
कालाका रोड पर कूड़ा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था, खुले में कचरा डालने से बढ़ी परेशानी।
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
रेवाड़ी। एक ओर रेवाड़ी शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत स्वच्छता व्यवस्थाओं का आकलन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सवालों के घेरे में है। वार्ड नंबर-6 स्थित कालाका रोड पर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नियमित रूप से नहीं पहुंचने के कारण लोग खुले में कचरा डालने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क किनारे और खाली स्थानों पर जमा हो रहे कचरे के ढेरों को देर रात आग लगा दी जाती है, जिससे क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। कूड़े से उठने वाले धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और श्वास संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार नगर परिषद अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि कालका रोड क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण वाहन की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा खुले में कचरा फेंकने और उसमें आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की मांग की है।
Rewari, Rewari | Jun 23, 2026