प्रदेश में प्राइवेट बसों के थमे पहिए
प्राइवेट बस ऑपरेटर्स ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
जयपुर।राजस्थान में एक बार फिर प्राइवेट बस से सफर करने वाले लाखों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। परिवहन विभाग की कार्रवाइयों से नाराज बस ऑपरेटरों ने पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। जयपुर में आयोजित विभिन्न बस संघों की राज्य स्तरीय बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। ऑपरेटरों ने ऐलान किया कि 10 अगस्त की मध्यरात्रि 11:59 बजे से पूरे राज्य में निजी बसों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
बस यूनियनों का सीधा आरोप है कि परिवहन विभाग की ओर से लगातार की जा रही चालानी और जांच की कार्रवाई मनमानी तथा अन्यायपूर्ण है। ऑपरेटरों के अनुसार, इन सख्त कदमों की वजह से इस व्यवसाय से जुड़े हजारों बस चालकों, परिचालकों, मालिकों और अन्य कर्मचारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।