
पंचायत चुनाव में प्रधानाचार्य संवर्ग के अधिकारियों को वरिष्ठता के अनुरूप दायित्व देने की मांग
सवाई माधोपुर। पंचायत चुनाव में निर्वाचन ड्यूटी आवंटन को लेकर प्रधानाचार्य संवर्ग के अधिकारियों में असंतोष सामने आया है। अधिकारियों ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से निर्वाचन संबंधी दायित्वों के आवंटन में वरिष्ठता और पद की गरिमा का ध्यान रखने की मांग की है।
अधिकारियों के अनुसार, सवाई माधोपुर जिले में प्रधानाचार्य संवर्ग के करीब 80 से 90 अधिकारियों को पीठासीन अधिकारी (पीओ) नियुक्त किया गया है, जबकि व्याख्याता एवं उप प्रधानाचार्य संवर्ग के अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर जैसे महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए हैं। इसे वरिष्ठता और प्रशासनिक संतुलन की दृष्टि से पुनर्विचार योग्य बताया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि राजस्थान के अन्य जिलों में प्रधानाचार्य संवर्ग के अधिकारियों को उनकी वरिष्ठता के अनुरूप सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और रिटर्निंग ऑफिसर जैसे दायित्व दिए जा रहे हैं। ऐसे में सवाई माधोपुर में अलग व्यवस्था होने से अधिकारियों में उपेक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।
प्रधानाचार्य संवर्ग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कृषि मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर को निर्वाचन ड्यूटी आवंटन की समीक्षा के निर्देश देने तथा वरिष्ठता और पद की गरिमा के अनुरूप दायित्व प्रदान करने की मांग की है।