
टैक्सी चलाकर बेटे के सपनों को दी उड़ान, पिता के संघर्ष का मिला सबसे बड़ा सम्मान; नैतिक मिश्रा ने NEET UG में ऑल इंडिया रैंक 1089 हासिल कर रोशन किया जिले का नाम
पलिया कलां, खीरी। कहते हैं, "संघर्ष की राह पर चलने वालों के कदम एक दिन सफलता की मंजिल जरूर छूते हैं।" इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है पलिया कलां के होनहार छात्र नैतिक मिश्रा ने। सीमित संसाधनों, आर्थिक चुनौतियों और अथक मेहनत के दम पर नैतिक ने NEET (UG) 2026 में ऑल इंडिया रैंक 1089 हासिल कर न केवल अपने माता-पिता के वर्षों पुराने सपने को साकार किया, बल्कि पलिया कलां और पूरे लखीमपुर खीरी जिले का गौरव भी बढ़ाया।
नैतिक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गुरुकुल एकेडमी, पलिया कलां से प्राप्त की। डॉक्टर बनने के लक्ष्य को लेकर वह पिछले दो वर्षों से कोटा (राजस्थान) में रहकर कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी कर रहे थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक NEET में शानदार सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया।
इस उपलब्धि के पीछे उनके पिता राजेश कुमार मिश्रा उर्फ राजू मिश्रा का वर्षों का संघर्ष और त्याग भी उतना ही प्रेरणादायक है। टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले राजू मिश्रा ने आर्थिक कठिनाइयों को कभी बेटे के सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने अपनी जरूरतों से पहले हमेशा बेटे की शिक्षा और भविष्य को प्राथमिकता दी। हर मुश्किल का डटकर सामना किया, ताकि नैतिक का डॉक्टर बनने का सपना अधूरा न रह जाए। पिता के पसीने, माता के विश्वास और बेटे की अथक मेहनत ने मिलकर आज सफलता का ऐसा इतिहास रच दिया, जो पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
नैतिक की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गुरुकुल एकेडमी के शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। नैतिक की सफलता यह साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों, मेहनत ईमानदार हो और परिवार का साथ मिले, तो अभाव भी सफलता की राह नहीं रोक सकते। #Facebookviralreels #followers #highlights #cmokheri #BrijeshPathak #लखीमपुर #dmkheri