बहराइच जिला अस्पताल में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, परिसर में अवैध रूप से खड़ी 8 एंबुलेंस सीज
बहराइच में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर में अभियान चलाया।
कार्रवाई की वजह जिला अस्पताल /मेडिकल कॉलेज परिसर में निजी एंबुलेंस का अवैध एवं गलत तरीके से खड़ा होना, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी के साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
14 सितंबर को क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 8 एंबुलेंस को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। साथ ही अस्पताल परिसर में बेतरतीब खड़े अन्य वाहनों को भी हटवाया गया।
यातायात पुलिस ने मरीजों और तीमारदारों से अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।