
सामुदायिक भवन निर्माण में लापरवाही पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत चटुवा में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन की छत ढलाई के दौरान हुई दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। नोटिस सहायक यंत्री (आरईएस) श्री बीर सिंह तिलगाम, उपयंत्री (संविदा) श्री फिरोज खान, ग्राम रोजगार सहायक श्री अशोक चंदेल तथा ग्राम पंचायत चटुवा के सरपंच श्री रामनरेश धुरैया को जारी किया गया है।
जारी सूचना पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत ग्राम पंचायत चटुवा में नवीन सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। 9 जुलाई 2026 को भवन की छत ढलाई के दौरान छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे कार्य में लगा एक श्रमिक मलबे में दबकर घायल हो गया। अन्य श्रमिकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। घटना का समाचार विभिन्न समाचार माध्यमों में भी प्रकाशित हुआ।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जारी कारण बताओ सूचना पत्र में उल्लेख किया है कि छत ढलाई से पूर्व निर्माण कार्य का आवश्यक तकनीकी निरीक्षण, सेंटरिंग तथा उपयोग में लाई गई निर्माण सामग्री एवं सरिए की गुणवत्ता का समुचित परीक्षण नहीं किया गया। प्रथम दृष्टया यह गंभीर लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता का मामला प्रतीत होता है, जिससे शासन को आर्थिक क्षति के साथ-साथ मानव जीवन भी जोखिम में पड़ा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 तथा प्रासंगिक नियमों के तहत निर्धारित समय-सीमा में अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #dindori