
चीनी के दाम ₹65 के पार, गरीब की चाय हुई कड़वी : अजय गौतम
पंचकूला, 21 अगस्त 2026।
केंद्र की भाजपा सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए कांग्रेस नेता अजय गौतम ने कहा कि सरकार के दावे चाहे कितने भी बड़े हों, लेकिन आम आदमी की रसोई की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 20 दिनों में बाजार में चीनी के दामों में ₹25 से ₹30 प्रति किलो तक की तेजी देखने को मिल रही है और कई जगह चीनी ₹65 प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि महंगाई पर सरकार की निगरानी आखिर कहां है?
अजय गौतम ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव के समय गरीबों के हित की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन जब रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ते हैं तो सरकार की जिम्मेदारी तय करने वाला कोई दिखाई नहीं देता।
उन्होंने कहा कि गरीब आदमी की चाय में चीनी कम होने से महंगाई कम नहीं होगी, सरकार को महंगाई कम करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
अजय गौतम ने कहा कि सरकार को जनता को यह बताना चाहिए कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और आम परिवार को लगातार बढ़ती महंगाई से राहत कब मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को यह समझना होगा कि महंगाई केवल आंकड़ों का खेल नहीं है। हर बढ़ा हुआ रुपया सीधे आम आदमी की जेब और उसके घर की रसोई पर असर डालता है।
अजय गौतम ने कहा कि जनता अब केवल नारों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। उसे महंगाई से वास्तविक राहत चाहिए। सरकार को गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।