
#महोबा - अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भसमापन दिवस पर जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित ।
अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भसमापन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रभास कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय अभिसरण एवं संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया । कार्यशाला का उद्देश्य सुरक्षित गर्भसमापन सेवाओं के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करना रहा ।
कार्यशाला में जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने कहा कि सुरक्षित गर्भसमापन के संबंध में सही एवं प्रमाणिक जानकारी आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नीम-हकीम अथवा असुरक्षित माध्यमों से गर्भसमापन कराने के बजाय प्रशिक्षित चिकित्सक की देखरेख में सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त चिकित्सालय में ही सुरक्षित गर्भसमापन कराया जाए, ताकि महिलाओं को अनावश्यक स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाया जा सके। उन्होंने विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर भी आवश्यक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए ।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यशाला में सुरक्षित गर्भसमापन सेवाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. चौहान ने सुरक्षित गर्भसमापन की सेवाओं, सावधानियों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. वर्मा ने अपने चिकित्सकीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि सही जानकारी के अभाव में महिलाओं एवं उनके परिवारों को विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है ।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के साथ समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, आईसीडीएस सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी अभिसरण के माध्यम से सुरक्षित गर्भसमापन सेवाओं की सही जानकारी समुदाय तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. चौरिहा, डॉ. राजेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. चौहान, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रयागदत्त, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शिवकुमार राय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) ममता अहिरवार, सहायक शोध अधिकारी सुमित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सा अधीक्षक उपस्थित रहे।
#mahoba #hospital #news #mahobapost
Mahoba, Mahoba | Sep 29, 2026