
राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों को लेकर बिलासपुर-रोपड़ प्रशासन अलर्ट, आनंदपुर साहिब हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण
श्री नैना देवी जी (बिलासपुर), 30 सितंबर। आगामी 6 अक्तूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जिला बिलासपुर के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को बिलासपुर और रोपड़ जिला प्रशासन की टीम ने आनंदपुर साहिब हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हेलीपैड परिसर का निरीक्षण करते हुए राष्ट्रपति दौरे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आवागमन, बैरिकेडिंग, संचार व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर चर्चा की गई। दोनों जिलों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने पर जोर दिया।
इसके बाद बिलासपुर प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने टोबा से लेकर श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर तक विभिन्न स्थानों का दौरा किया। इस दौरान सड़क मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों के तहत सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों के साथ श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी ली।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हैं। प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि दौरे के दौरान सभी आवश्यक प्रबंध व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किए जा सकें।
#UTHimachal #UTNews #Bilaspur #HimachalPradesh #NainaDevi #AnandpurSahib #PresidentDroupadiMurmu #DroupadiMurmu #BilaspurNews #HimachalNews