
सेमरिया पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, प्रतिबंधित टैबलेट, कफ सिरप और स्कूटी सहित 4 तस्कर गिरफ्तार
रीवा/सेमरिया। जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ सेमरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट (कैप्सूल), नशीली कफ सिरप और एक स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक लंकेश प्रसाद वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कूटी क्रमांक MP17SA8292 से चार युवक भठिया क्षेत्र में एकत्र होकर अलग-अलग स्थानों पर नशीली दवाइयों की बिक्री करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 210 पत्तों में 1,680 नग प्रतिबंधित PYEEVON SPAS PLUS टैबलेट (कैप्सूल) तथा 20 शीशी ऑनरेक्स (Onrex) नशीली कफ सिरप बरामद हुई। आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पूरा माल जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
राज सिंह (21), निवासी ग्राम दुवारी, थाना चोरहटा, जिला रीवा उमेश सिंह (34), निवासी ग्राम कुशवार, थाना सेमरिया अंकित सिंह (27), निवासी ग्राम कुशवार, थाना सेमरिया पवन रावत (26), निवासी वार्ड क्रमांक-14, कस्बा सेमरिया
जब्त सामग्री 210 पत्तों में 1,680 नग PYEEVON SPAS PLUS टैबलेट (कैप्सूल) कीमत ₹15,588 20 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप , कीमत ₹8,000 काले रंग की स्कूटी क्रमांक MP17SA8292, कीमत लगभग ₹80,000 पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना देने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है।
सराहनीय भूमिका: उप निरीक्षक लंकेश प्रसाद वर्मा, प्रधान आरक्षक हफीजुर्रहमान, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक प्रबल त्रिपाठी, राहुल कुमार, जितेंद्र बागरी, जोगेंद्र गौतम एवं विवेक सिंह ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।