
पटलांदर में आर्ट ऑफ लिविंग का 3 दिवसीय योग शिविर शुरू, नशा मुक्त समाज का दिया संदेश
सुजानपुर (हमीरपुर):
विकासखंड सुजानपुर की ग्राम पंचायत पटलांदर के पंचायत कार्यालय में 'आर्ट ऑफ लिविंग' संस्था द्वारा तीन दिवसीय विशेष योग एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ किया गया। नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर के पहले चरण में 30 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग, ध्यान और प्राणायाम की विभिन्न वैज्ञानिक तकनीकें सिखाई गईं। आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षिका निर्मला ठाकुर और वीणा वर्मा ने प्रतिभागियों को तनावमुक्त जीवनशैली और सकारात्मक सोच विकसित करने के गुर सिखाए। शिविर के संचालन में वरिष्ठ कार्यकर्ता सुनील भड़यार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान रणबीर राणा, पंचायत सचिव ज्योति प्रकाश तथा पंचायत स्टाफ के अन्य सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे।
संस्था के जिला सह-प्रभारी जोगिंदर ठाकुर ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत समापन 24 अक्टूबर को किया जाएगा। समापन समारोह में खंड विकास अधिकारी (BDO) सुजानपुर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।