
बाजार में अतिक्रमण पर शिकंजा, अवैध वसूली की शिकायतों पर होगी कार्रवाई
- दुकानों के बाहर रेहड़ी-फड़ी लगाने के नाम पर रोजाना 500 से 600 रुपये वसूलने की शिकायतें
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। त्योहारी सीजन से पहले रामपुर बुशहर के बाजार में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित ढंग से लगाई जा रही रेहड़ी-फड़ियों पर नगर परिषद ने सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। नगर परिषद को शिकायतें मिली हैं कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर रेहड़ी-फड़ी लगाने की अनुमति देने के नाम पर संचालकों से प्रतिदिन 500 से 600 रुपये तक वसूल रहे हैं। परिषद ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं।
बाजार में दुकानों के बाहर अनधिकृत रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाने से अतिक्रमण बढ़ रहा है। इससे बाजार की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ पैदल चलने वाले लोगों और ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्थानीय व्यापारियों के लिए भी यह स्थिति मुश्किलें पैदा कर रही है।
नगर परिषद के नए कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा ने स्पष्ट किया है कि बाजार में अतिक्रमण और अनधिकृत गतिविधियों को किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। परिषद का उद्देश्य बाजार में व्यवस्था बनाए रखना, व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना और आम लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
नगर परिषद त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में अतिक्रमण पर नियंत्रण रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, रेहड़ी-फड़ी लगाने के नाम पर कथित अवैध वसूली से जुड़ी शिकायतों की भी गंभीरता से जांच की जाएगी।
नगर परिषद ने सभी दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों से नियमों का पालन करने तथा बाजार की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है। परिषद के अनुसार, शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
Rampur, Shimla | Oct 22, 2026