यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बाराबंकी की सदर विधानसभा सीट पर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। पार्टी ने मोहम्मद मुबाशिर को बाराबंकी सदर (268) विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर चुनावी समीकरणों में हलचल पैदा कर दी है। शनिवार को देवा ऑडिटोरियम में आयोजित जनसभा में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मंच से उनके नाम का ऐलान किया। इसके साथ ही बसपा ने जिले में चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज भी कर दिया।
मोहम्मद मुबाशिर बाराबंकी की राजनीति में नया चेहरा नहीं हैं। लखनऊ के खुर्रम नगर निवासी और मूल रूप से देवा क्षेत्र में खेवली निवासी मोहम्मद मुबाशिर ने 2007 में पहले इंडियन जस्टिस पार्टी और 2017 में बसपा के टिकट पर दरियाबाद विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी के रूप में उन्होंने करीब 54 हजार वोट हासिल किए थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। अब बसपा ने उनकी राजनीतिक पारी को नई दिशा देते हुए उन्हें दरियाबाद की जगह बाराबंकी सदर सीट से मैदान में उतारा है।
#upvidhansabha #bsp #upnews #upelection2027