
*ऑपरेशन जीवन ज्योति: नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, पीड़ितों को उपलब्ध कराई उपचार सुविधा*
*– गांवों में नशा पीड़ितों की काउंसलिंग कर उपचार की समीक्षा, जल्द आयोजित किए जाएंगे नशा मुक्ति शिविर*
फतेहाबाद, 4 अगस्त। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे *ऑपरेशन जीवन ज्योति* के तहत पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा लगातार जागरूकता एवं उपचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने गांव ब्राह्मण वाला में ग्रामीण नशा मुक्ति कमेटी की बैठक आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
एसआई सुंदर लाल के कुशल नेतृत्व में आयोजित बैठक के दौरान युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में गांव में नशा मुक्ति शिविर आयोजित कर नशा पीड़ितों को उपचार एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान गांव ब्राह्मण वाला से 4 नशा पीड़ितों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त रतिया क्षेत्र में 2 नशा पीड़ितों को चिन्हित कर उन्हें भी काउंसलिंग के बाद उपचार संबंधी सहायता उपलब्ध करवाई गई। बाद में गांव भूंदड़वास में उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की प्रगति का फॉलोअप लिया गया।
वहीं, सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान टोहाना मंडल द्वारा थाना सदर टोहाना क्षेत्र के गांव मघेड़ा और रसूलपुर का दौरा किया गया। इस दौरान नशा पीड़ितों के उपचार एवं स्वास्थ्य में हो रहे सुधार की समीक्षा की गई। गांव मघेड़ा में उपचाराधीन नशा पीड़ितों की स्थिति सामान्य पाई गई और सभी पीड़ित लगातार उपचार ले रहे हैं।
गांव रसूलपुर में नशा पीड़ित जगसीर पुत्र भगवान दास की हालत में पहले की अपेक्षा काफी सुधार पाया गया। वह लगातार टोहाना से दवा ले रहा है और अब सामान्य जीवन की ओर लौटते हुए कबाड़ की दुकान पर काम भी कर रहा है। गांव के अन्य नशा पीड़ितों में भी सुधार पाया गया और वर्तमान में किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत टोहाना के सरकारी अस्पताल से 12 नशा पीड़ितों को दवा उपलब्ध करवाई गई, जबकि 3 पीड़ित उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल हैं, जिनकी स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है। पुलिस द्वारा नशा पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काउंसलिंग, उपचार एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।
Uklana, Hissar | Aug 4, 2026