स्विस लाउंज फायरिंग मामले में शूटरों को हथियार उपलब्ध करवाने वाला आरोपी गिरफ्तार, आरोपी पर पहले से तीन फायरिंग के मामले दर्ज, आरोपी 7 दिन के पुलिस रिमांड पर
पंचकूला/ 02 अगस्त: पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंचकूला पुलिस को स्विस लाउंज फायरिंग मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस मामले में क्राइम ब्रांच-1 ने राजस्थान की जिला जेल श्रीगंगानगर से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर चौथे आरोपी शकील अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शूटरों को हथियार उपलब्ध करवाए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से तीन फायरिंग के मामले दर्ज हैं।
यह मामला 4 जून 2026 को सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज की पार्किंग में हुई फायरिंग से जुड़ा है, जिसमें रतन चंद और ललित गंभीर रूप से घायल हुए थे। जांच के दौरान पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शकील अंसारी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे इस मामले में गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही आरोपी से उन स्थानों की निशानदेही भी करवाई जाएगी जहां हथियार और कैश छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का कहना है कि इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Uklana, Hissar | Aug 2, 2026