
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित सलगाडीह मैदान में बुधवार को झारखंड स्पोर्टिंग क्लब सलगाडीह की ओर से तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के बाद पहला मुकाबला सिंजोघुटू और चपचपवा की टीमों के बीच खेला गया।प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन तिसरी पंचायत के मुखिया किशोरी साव ने फीता काटकर किया। इससे पहले गांव के महतो ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार फुटबॉल मैदान में अगरबत्ती जलाकर पूजा-अर्चना की और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।
वहीं, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से तिसरी के युवा समाजसेवी राहुल यादव और उदय यादव ने सलगाडीह के खिलाड़ियों के बीच जर्सी का वितरण किया। जर्सी मिलने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 28 हजार रुपये नकद और कप, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 20 हजार रुपये नकद और कप, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 12 हजार रुपये नकद और कप देकर सम्मानित किया जाएगा। बता दें इस प्रतियोगिता का आनंद लेने के लिए सलगाडीह मैदान में हजारों की संख्या में दर्शक जुटे। खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा गया।इस मौके पर तिसरी पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नगीना भुला, पूर्व मुखिया इब्राहिम अंसारी, वार्ड सदस्य तालो सोरेन, बिक्की सिन्हा सहित कमेटी के सदस्य करमा, अनिल, उमेश, राहुल, रोहित, मंटू, सुसेन, बिपिन, अबराम, अतुल, रॉबिन, राजेश और अंटो समेत अन्य लोग मौजूद रहे।