बेतिया के संत घाट को मिलेगा आकर्षक लुक, महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने पेंटिंग कार्यों का किया निरीक्षण
बेतिया। शहर के सौंदर्यीकरण एवं सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की दिशा में नगर निगम की पहल जारी है। इसी कड़ी में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने आज संत घाट की बाउंड्री वॉल पर चल रहे पेंटिंग एवं रंग-रोगन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान महापौर ने कार्य की गुणवत्ता, रंगों के चयन और सौंदर्यीकरण से जुड़ी बारीकियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
महापौर ने कहा कि संत घाट को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक स्वरूप देना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका उद्देश्य बेतिया शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।