
खेल प्रतिभा, जुनून, उमंग और प्रतिस्पर्धा का संगम बना पौड़ी
24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शानदार आगाज
सिद्धबली न्यूज डेस्क
पौड़ी। जनपद मुख्यालय के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को उत्साह, उमंग और जोश के बीच 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर स्थानीय विधायक ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलायी। इसके बाद विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों के कोर्ट में उतरने के साथ ही खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा और आयोजन में खेल भावना का जीवंत रंग देखने को मिला। इस दौरान जीआईसी पौड़ी एवं हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगाए। प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया।