
बेतालघाट में मूलभूत सुविधाओं को लेकर मिशन बेतालघाट आंदोलन तेज, भूख हड़ताल पर बैठे चार लोग
नैनीताल। जिले के बेतालघाट क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहे “मिशन बेतालघाट” आंदोलन ने अब जोर पकड़ लिया है। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य समेत चार लोग बीते 16 जून से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
भूख हड़ताल में जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा के साथ मनीष पंत, पना बिष्ट और भूपेंद्र बिष्ट शामिल हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने के साथ रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती, कोटाधारिया में मोटर मार्ग निर्माण, तथा बेतालघाट-रामनगर वाया ओखलढुंगा मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य शामिल हैं।
आंदोलन को अब क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संगठनों का समर्थन मिलने लगा है। बुधवार 17 जून को देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल खैरना-गरमपानी अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा, ग्राम प्रधान छड़ा खैरना प्रतिनिधि बालम सिंह पिनारी, बेतालघाट देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी, प्रांतीय व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल भंडारी, सहित दीप रेखाड़ी, महेंद्र रावत, प्रेम महाराज और भुवन नेगी समेत कई लोगों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
समर्थन में आए लोगों ने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इन मांगों पर कब तक सकारात्मक निर्णय लिया जाता है। सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आगामी रविवार को बेतालघाट में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
#betalghat #nainital #kumaon #top #news #viral #pahad