
भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। 29 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने बताया कि इंदौर में ‘छात्रा की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने भर्ती में पदवृद्धि की मांग रखी थी। उन्होंने पत्र में दावा किया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद ही घोषित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं और कई अतिथि शिक्षक के तौर पर सेवाएं भी दे रहे हैं, लेकिन सीमित पदों के कारण उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही है। कई अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं।
राहुल गांधी ने आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों के नोटिस वापस लेने, प्रतिनिधियों से बातचीत करने, पद बढ़ाने और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री से की है।
#RahulGandhi #MadhyaPradesh #TeacherRecruitment #MohanYadav #EducationNews