
चतरा में होटल और रेस्टोरेंट पर पुलिस की छापेमारी, 5 युवतियों समेत 9 हिरासत में
चतरा। शहर के कॉलेज रोड स्थित चांदनी होटल और कावेरी रेस्टोरेंट में कथित देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की यह कार्रवाई शहर के रिहायशी इलाके में हुई, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी अनिल उरांव और महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज के साथ पुलिस टीम ने दोनों ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है, ताकि कथित गतिविधियों से जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आ सके।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने के बाद होटल संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। छापेमारी के दौरान शराब की बोतलें और कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल और रेस्टोरेंट में कथित गतिविधियां कब से चल रही थीं और इसमें संचालक के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की आगे की कड़ियां जोड़ रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#चतरा #चतरा_पुलिस #पुलिस_छापेमारी #होटल_रेस्टोरेंट #कॉलेज_रोड #देह_व्यापार #पुलिस_कार्रवाई #एसपी_अनिमेष_नैथानी #चतरा_न्यूज #झारखंड_न्यूज #Chatra #ChatraPolice #JharkhandNews #PoliceRaid #ChhotanagpurLive