
बहराइच के नंदा इंस्टीट्यूट पर फर्जी डिग्री देने का आरोप: छात्रों ने डीएम से की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रिसिया स्थित नंदा इंस्टीट्यूट आफ फार्मास्युटिकल साइंस एंड टेक्नोलाजी पर छात्रों ने फर्जी डिग्री और मार्कशीट देने का गंभीर आरोप लगाया है। सैकड़ों की संख्या में ठगी के शिकार छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
मामला राम गांव थाना क्षेत्र के तैयबाजोत स्थित नंदा इंस्टीट्यूट का है, जहां पढ़ाई पूरी करने के बाद जब छात्रों को डिग्रियां मिलीं, तो उन्हें फर्जीवाड़े का पता चला। भविष्य अंधकार में देख गुस्साए सैकड़ों अभ्यर्थी बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। अमरीन खान, नूर मोहम्मद और आराधना समेत दर्जनों छात्रों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर संस्थान के खिलाफ सख्त निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गौर करने वाली बात यह है कि इस फर्जीवाड़ा मामले में पुलिस प्रशासन पहले ही शिकंजा कस चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्थान के प्रबंधक और प्राचार्य को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब छात्र अपनी दी गई फीस की वापसी और न्याय संगत कार्रवाई के लिए प्रशासनिक चौखट पर न्याय की गुहार लगा रहे हैं।