
अरवल में साधु के भेष में ठगी करने पहुंचे दो संदिग्ध गिरफ्तार, ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा
भिक्षा मांगने के बहाने महिलाओं के कान की बालियां और चेन चोरी करने का आरोप, पुलिस ने भेजा जेल
अरवल/बिहार। अरवल जिले के उमराबाद गांव में साधु का भेष धारण कर ग्रामीणों के बीच पहुंचे दो संदिग्ध व्यक्तियों को स्थानीय लोगों ने चोरी और ठगी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़कर अरवल टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति साधु के वेश में गांव में भिक्षा मांगने के बहाने घरों में पहुंच रहे थे। इसी दौरान उन पर महिलाओं के कान की बालियां और गले की चेन चोरी करने का आरोप लगा। ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के निवासी पलकी राठौर, पिता बलि चंद राठौड़ तथा उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के विश्वरी गांव निवासी नजरू, पिता गुलाब के रूप में बताई गई है।
सूचना मिलते ही अरवल टाउन थाना पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। टाउन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जहानाबाद कारागार भेज दिया गया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। Public ki Awaz Arvind Yadav Public Ki Awaz - News
Arwal, Arwal | Nov 9, 2026