पंचायत से पार्लियामेंट: सांसद के बेटे के सरपंच चुनाव लड़ने से रीवा में सियासी घमासान
रीवा। भाजपा के परिवारवाद विरोधी रुख के बीच रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के बड़े बेटे अंकुर मिश्रा के सरपंच उपचुनाव में उतरने से विवाद खड़ा हो गया है। अंकुर का मुकाबला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय इंद्र बहादुर सिंह की 85 वर्षीय वृद्ध विधवा बहू से है
जिसके बाद विपक्ष और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या सांसद को 'पंचायत से लेकर पार्लियामेंट' तक सभी पद अपने ही परिवार के लिए चाहिए?
इस घटनाक्रम से जिले में जनसंघ व भाजपा के संस्थापकों से जुड़े पुराने समर्पित कार्यकर्ताओं और क्षत्रिय वर्ग में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ज़मीनी निष्ठा की अनदेखी कर प्रभावशाली परिवारों को ही आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, अंकुर मिश्रा का दावा है कि उनके इस कदम से उनके सांसद पिता नाराज हैं और वे चुनाव अपने दम पर लड़ रहे हैं। बहरहाल, इस चुनावी रस्साकशी ने विंध्य में भाजपा की साख और उसकी नीतियों को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है।