
चोपना थाने में मारपीट का आरोप, जिला पंचायत सदस्य समेत पांच लोगों के खिलाफ एसपी से शिकायत
पुलिस की मौजूदगी में दो भाइयों से मारपीट का आरोप, थाना प्रभारी और स्टाफ पर भी उठाए सवाल
फोटो -
बैतूल। चोपना थाने के भीतर दो भाइयों के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए ग्राम शांतिपुर निवासी आवेदक मोहित विश्वास ने एसपी से शिकायत की है। शिकायत में जिला पंचायत सदस्य, उनके पति तपन विश्वास समेत पांच लोगों और उनके अन्य साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 16 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे थाना प्रभारी रवि शाक्य के बुलाने पर मोहित विश्वास चोपना थाने पहुंचे थे। उनके पहुंचने के पांच से दस मिनट बाद दो चारपहिया वाहनों से जिला पंचायत सदस्य, उनके पति तपन, सपन, सुब्रत, राजकुमार और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने थाने परिसर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मोहित और उनके भाई रोहित विश्वास के साथ मारपीट की।
मोहित ने शिकायत में थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ पर आरोपियों को संरक्षण देने तथा घटना में उनकी भूमिका होने का आरोप लगाया है। आवेदन में तपन और सपन के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है।
मोहित विश्वास ने एसपी से मामले की जांच कर आरोपियों और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट में आवेदन प्रस्तुत कर आरोपियों की जमानत निरस्त कराने की पहल करने की मांग भी की है।